नई दिल्ली। राजधानी में प्री मानसून बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दी है। गुरुवार को सुबह बदरा जमकर बरसे। इससे मौसम सुहावना हो गया है। कई इलाकों में तेज बारिश दर्ज की गई। जबकि कुछ इलाकों हल्की से लेकर मध्यम स्तर की बारिश हुई है। दिल्ली में शाम साढ़े पांच बजे तक लगभग 5.2 एमएम बारिश दर्ज की गई। इससे बुधवार के मुकाबले अधिकतम तापमान में करीब चार डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। मौसम विभाग ने तीन जुलाई तक के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। जबकि शनिवार को बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। ऐसे में सप्ताहांत में बारिश से तापमान में 34 से 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने आने वाले तीन दिन में दिल्ली से मानसून टकराने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी हल्की बारिश होने के अनुमान जताया है। इस दौरान आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे। साथ ही, 25 से 35 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से तेज हवा और धूल भरी आंधी चलेगी। इससे अधिकतम तापमान 36 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। गुरुवार को लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। ऐसे में सुबह तेज हवाओं के आंधी चली। इसके बाद झमाझम बारिश हुई। लेकिन, दोपहर के बाद मौसम ने करवट ली। ऐसे में तीखी धूप ने लोगों को परेशान किया। शाम को भी कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई है। इससे तापमान में कमी देखने को मिली। रात के समय हवा में ठंडक महसूस की गई।
मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस से कम 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस अधिक के साथ 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। उधर, शाम साढ़े पांच बजे तक पालम में 17.6 एमएम, लोधी रोड में 9.6, पीतमपुरा में 9, रिज में 6.2, आया नगर में 1.8 एमएम बारिश दर्ज की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *