नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रूस के सर्वोच्च सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्र्यू एपोस्टल’ से सम्मानित किया गया। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पीएम मोदी को यह सम्मान दिया। रूस और भारत के द्विपक्षीय संबंधों में प्रगति के लिए असाधारण कार्यों के लिए पीएम मोदी को ‘ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्र्यू एपोस्टल’ सम्मान दिया गया।

ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्र्यू एपोस्टल अवॉर्ड पुरस्कार ग्रहण करने के बाद पीएम मोदी ने कहा कि रूस के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित करने के लिए मैं हृदय से राष्ट्रपति पुतिन का आभार व्यक्त करता हूं। यह सम्मान केवल मेरा सम्मान नहीं बल्कि 140 करोड़ भारतवासियों का सम्मान है।

पीएम मोदी ने कहा कि यह, भारत और रूस की सदियों पुरानी गहरी मित्रता और आपसी विश्वास का सम्मान है। ये हमारी कूटनीतिक साझेदारियों का सम्मान है। पिछले लगभग ढाई दशक से आपके नेतृत्व में भारत और रूस के संबंध हर दिशा में मजबूत हुए और हर बार नई ऊंचाईयों को प्राप्त करते रहे हैं। आपने दोनों देशों के बीच जिन संबंधों की नींव रखी थी, वो गुजरते समय के साथ और मजबूत होकर निखरे हैं। हमारा पारस्परिक सहयोग, हमारे लोगों की बेहतर भविष्य की उम्मीद भी बन रहा है।

पीएम मोदी को सम्मानित करते हुए राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि प्रिय मित्र और आदरणीय प्रधानमंत्री, मैं आपको यह सर्वोच्च सम्मान मिलने पर तहेदिल से बधाई देता हूं। मैं आपकी और भारत के लोगों के लिए शांति और समृद्धि की कामना करता हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *