नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार-शुक्रवार को भारी बारिश की वजह से सड़कों पर बाढ़ जैसे हालात बन गए। सड़कों पर 4 से 5 फीट पानी भरने से कारें डूब गईं। सड़कों पर नाव चलीं और कई इलाकों में ट्रैफिक प्रभावित हुआ। यशोभूमि द्वारका सेक्टर 25 मेट्रो स्टेशन के एंट्री और एग्जिट गेट भी बंद कर दिए गए। IMD ने बताया कि दिल्ली में गुरुवार सुबह 8:30 बजे से शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तक, यानी 24 घंटे में 228 mm बारिश हुई। यहां 88 साल बाद जून महीने में एक दिन में सबसे ज्यादा बारिश हुई है। इससे पहले जून 1936 में 24 घंटे में 235.5 मिमी बारिश दर्ज की गई थी।

जगह-जगह लगा जाम
दिल्ली में लगातार बारिश के कारण गंभीर जलजमाव के बीच मयूर विहार इलाके में सड़क पर भारी जाम लग गया। जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसी तरह से अन्य रास्तों का भी हाल है।

यात्रियों को हो रही परेशानी
दिल्ली में भारी बारिश के बाद कनॉट प्लेस इलाके में जलजमाव के कारण यात्रियों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारी से लेकर राहगीर सब बारिश से बिगड़े हालात के चलते हलाकान हैं।

उधर, मौसम विभाग ने आज दिल्ली समेत 24 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, बिहार, ओडिशा, गोवा, महाराष्ट्र, कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, गुजरात और केरल शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *